मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हर्रावाला से सोमनाथ के लिए विशेष आस्था रेल को दिखाई हरी झंडी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के उपलक्ष्य में हर्रावाला (देहरादून) से वेरावल (सोमनाथ, गुजरात) के लिए आयोजित विशेष रेल यात्रा को हरी झंडी दिखाकर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए श्रद्धालुओं के दल को रवाना किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं से आत्मीय संवाद कर उनकी मंगलमय, सुखद एवं सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह विशेष रेल यात्रा श्रद्धालुओं को भगवान सोमनाथ के दर्शन कराने के साथ-साथ भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सनातन परंपरा और राष्ट्रीय स्वाभिमान से निकटता से जुड़ने का अवसर प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के अंतर्गत आयोजित यह विशेष रेल यात्रा हमारी सांस्कृतिक विरासत, आस्था और राष्ट्रीय स्वाभिमान को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस प्रकार के आयोजन देश की सांस्कृतिक एकता और आध्यात्मिक चेतना को और अधिक सुदृढ़ बनाने का कार्य करते हैं।
इस अवसर पर विधायक श्री बृजभूषण गैरोला, श्री सुरेश गरिया, देहरादून नगर निगम के महापौर श्री सौरभ थपलियाल सहित अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे।
