मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निर्माणाधीन साइंस सिटी का किया निरीक्षण, विज्ञान सेतु की तीन नई पहल का लोकार्पण

ख़बर शेयर करें -

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निर्माणाधीन साइंस सिटी का किया निरीक्षण, विज्ञान सेतु की तीन नई पहल का लोकार्पण

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को देहरादून में निर्माणाधीन साइंस सिटी परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति एवं प्रस्तावित सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से परियोजना की प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विज्ञान सेतु के अंतर्गत ‘विज्ञान वाणी-88.8 MHz’, ‘विज्ञान दृश्यम’ एवं ‘विज्ञान धारा’ का लोकार्पण किया। साथ ही विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार नीति (STIP) पर आयोजित परिसंवाद में सहभागिता कर विज्ञान एवं नवाचार को बढ़ावा देने पर अपने विचार रखे।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि साइंस सिटी केवल एक अवसंरचना परियोजना नहीं, बल्कि उत्तराखंड में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और तकनीकी उत्कृष्टता को नई दिशा देने वाला सशक्त केंद्र बनेगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना विद्यार्थियों और युवाओं में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा विकसित करने, अनुसंधान को प्रोत्साहित करने तथा उन्हें आधुनिक तकनीकों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अनुसंधान एवं नवाचार के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है, ताकि प्रदेश के युवाओं को भविष्य की चुनौतियों और अवसरों के अनुरूप बेहतर मंच एवं संसाधन उपलब्ध कराए जा सकें।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, विधायक सहदेव सिंह पुंडीर सहित अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *