समाचार प्लस लाइव, देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के मांडूवाला स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में छात्रावास निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने छात्रों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह छात्रावास न केवल आवासीय सुविधा देगा, बल्कि उनके सर्वांगीण विकास में भी अहम भूमिका निभाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद भारत में सांस्कृतिक मूल्यों और राष्ट्रवादी चेतना को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से सरस्वती शिशु मंदिरों की स्थापना की गई। उन्होंने विद्यालय के विद्यार्थियों को 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में शत-प्रतिशत परिणाम लाने पर बधाई दी।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की शिक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव हुए हैं। उत्तराखंड पहला राज्य है जिसने नई शिक्षा नीति को लागू किया है। राज्य में 141 पीएम श्री स्कूल और नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालयों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। साथ ही 13 जिलों के 500 विद्यालयों में वर्चुअल क्लासरूम की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए सभी सरकारी विद्यालयों में एनसीईआरटी की पुस्तकें अनिवार्य कर दी गई हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि गुजरात मॉडल पर आधारित विद्या समीक्षा केंद्र को अपनाने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य बन गया है। प्रदेश के करीब 16 हजार विद्यालय इस प्रणाली से जुड़े हैं और जल्द ही सभी निजी स्कूलों को भी इसमें शामिल किया जाएगा। इससे शिक्षकों, छात्रों और शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी एक केंद्रीकृत प्रणाली के जरिए शासन तक पहुंच सकेगी।
उन्होंने कहा कि विद्या भारती द्वारा देशभर में 12 हजार से अधिक विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें करीब 35 लाख छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर रहे हैं। इन संस्थानों में आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्रभक्ति, नैतिक मूल्य, भारतीय संस्कृति, संस्कार और सेवा भावना पर विशेष ध्यान दिया जाता है।

कार्यक्रम में मौजूद प्रमुख अतिथि:
सुरेश सोनी (अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल सदस्य), राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक सहदेव पुंडीर, अखिल भारतीय संगठन मंत्री शिवकुमार, क्षेत्रीय संगठन मंत्री डोमेश्वर साहू (विद्या भारती, पश्चिमी उत्तर प्रदेश), विद्यालय परिसर अध्यक्ष सुरेंद्र, डॉ. सुषमा अग्रवाल, दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल, नगर पालिका अध्यक्ष नीरू देवी, बाल आयोग अध्यक्ष गीता खन्ना समेत कई गणमान्य लोग कार्यक्रम में मौजूद रहे।
