रुद्रपुर: कार में 47.57 किलो गांजा ले जा रहे दो तस्कर गिरफ्तार, पुलिस व एसओजी टीम की बड़ी कार्रवाई

ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर (उधम सिंह नगर)। जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और एसओजी टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। आज सुबह गश्त के दौरान एक कार से 47.57 किलोग्राम गांजा बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार, उपनिरीक्षक कौशल भाकुनी के नेतृत्व में एसआई देवेंद्र मेहता, हेड कांस्टेबल भुवन पांडेय, कांस्टेबल विनोद खत्री व एएनटीएफ टीम तेल मिल के पास भूरारानी रेलवे क्रॉसिंग के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान भूरारानी की ओर से आती एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की।

टीम ने तत्परता दिखाते हुए पीछा कर कार को रोका और उसमें सवार दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम दीपांकर विश्वास पुत्र दलीप विश्वास निवासी कंचनतारा, ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर और घनश्याम पुत्र हेतलाल निवासी ग्राम पेहरा, थाना हथीन, जिला पलवल (हरियाणा) बताए।

कार संख्या HR 51 AP 3478 की तलाशी में कुल 47.57 किलो अवैध गांजा विभिन्न पैकेट्स में बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस की इस कार्रवाई को नशा तस्करी के विरुद्ध एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *