ऑपरेशन प्रहार: हल्द्वानी में 1.121 किलो चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार, कुमाऊँ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
हल्द्वानी| उत्तराखंड सरकार के “लक्ष्य नशा मुक्त उत्तराखण्ड” अभियान के तहत चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के अंतर्गत कुमाऊँ पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त पुलिस टीम ने हल्द्वानी में 1.121 किलोग्राम अवैध चरस के साथ एक कथित तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस महानिरीक्षक (कुमाऊँ परिक्षेत्र) निवेदिता कुकरेती के निर्देशन में परिक्षेत्रीय एसओटीएफ कुमाऊँ और कोतवाली हल्द्वानी पुलिस की संयुक्त टीम ने सोमवार को गांधी इंटर कॉलेज रोड, तरणताल के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उसके कब्जे से 1.121 किलोग्राम चरस बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिकेत बाल्मीकि (32) पुत्र हरकेश बाल्मीकि, निवासी गांधीनगर, वार्ड नंबर-27, थाना बनभूलपुरा, जनपद नैनीताल के रूप में हुई है।
बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद चरस कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।
इस कार्रवाई को परिक्षेत्रीय एसओटीएफ कुमाऊँ रेंज और कोतवाली हल्द्वानी की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया, जिसमें उपनिरीक्षक मनोज कुमार भी शामिल रहे।
कुमाऊँ पुलिस ने कहा है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी किसी भी सूचना को तत्काल पुलिस के साथ साझा करें, ताकि नशा मुक्त उत्तराखण्ड के लक्ष्य को सफल बनाया जा सके।
