नगर पालिका नगला में अतिक्रमण भूमि के स्वत्व निर्धारण के लिए शासन स्तर पर समिति का गठन, मण्डलायुक्त ने किया स्थलीय निरीक्षण

ख़बर शेयर करें -

समाचार प्लस लाइव: नगर पालिका नगला में अतिक्रमण भूमि के स्वत्व निर्धारण के लिए शासन स्तर पर समिति का गठन, मण्डलायुक्त ने किया स्थलीय निरीक्षण

समाचार प्लस लाइव, पंतनगर: जनपद ऊधम सिंह नगर के नगर पालिका नगला क्षेत्र में अतिक्रमण से प्रभावित भूमि के स्वत्व निर्धारण एवं चिन्हीकरण के लिए शासन स्तर पर एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया गया है। समिति का उद्देश्य क्षेत्र में अतिक्रमण की स्थिति का गहन अध्ययन कर निष्पक्ष व पारदर्शी ढंग से भूमि के वास्तविक स्वामित्व का निर्धारण करना है, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार के विवाद या अव्यवस्था की स्थिति न उत्पन्न हो।

समिति के अध्यक्ष कुमाऊँ मण्डल के आयुक्त, नैनीताल हैं। इसके सदस्य जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर, प्रभागीय वनाधिकारी ऊधम सिंह नगर और अधीक्षण अभियंता चतुर्थ वृत्त, लोक निर्माण विभाग को नियुक्त किया गया है।

आज मण्डलायुक्त श्री दीपक रावत के नेतृत्व में समिति की टीम ने नगला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अतिक्रमण प्रभावित क्षेत्रों का गहन परीक्षण किया गया तथा स्थानीय अभिलेखों और तथ्यों का संज्ञान लिया गया। मण्डलायुक्त ने कहा कि शासन की मंशा है कि नगर पालिका नगला क्षेत्र में भूमि से संबंधित सभी विवादों को त्वरित और पारदर्शी तरीके से निस्तारित किया जाए।

उन्होंने बताया कि निरीक्षण में यह स्पष्ट हुआ कि कुछ भूमि वन विभाग की, कुछ सड़क की, और कुछ तराई स्टेट फार्म के नाम पर रही है। वर्ष 1960 के आसपास लोक निर्माण विभाग द्वारा जारी नोटिसों के आधार पर सड़क की चौड़ाई का निर्धारण मध्य रेखा से दोनों तरफ 50-50 फीट के हिसाब से किया जाएगा। जिन स्थानों पर अतिक्रमण पाएगा, वहां अतिक्रमणकारियों से अनुरोध किया जाएगा कि वे स्वयं इसे हटाएं। आवश्यक होने पर सर्वे ऑफ इंडिया की सहायता से विस्तृत सर्वे भी कराया जाएगा।

मण्डलायुक्त ने यह भी कहा कि त्यौहारों का सीजन चल रहा है, इसलिए चिन्हीकरण की कार्यवाही त्यौहारों के उपरांत की जाएगी। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, प्रभागीय वनाधिकारी यू. सी. तिवारी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, उपजिलाधिकारी मनीष बिष्ट, अध्यक्ष नगर पालिका नगला सचिन शुक्ला, तहसीलदार गिरीश त्रिपाठी, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *