रुद्रपुर। छात्रसंघ चुनाव नामांकन प्रक्रिया के दौरान हुए गोलीकांड मामले में पुलिस ने देर रात नामजद आरोपी पूर्व सचिव सचिन गंगवार के भूतबंगला स्थित घर पर दबिश दी। आरोपी की गैरमौजूदगी में पुलिसकर्मी उसकी गर्भवती पत्नी लता गंगवार और पिता ओमप्रकाश गंगवार को हिरासत में ले गए। आरोप के मुताबिक पुलिस कर्मियों ने लता गंगवार के साथ मारपीट की, पिता को थप्पड़ मारे।
इसी दौरान पुलिस टीम ने प्रीत विहार स्थित आरोपी अमृतपाल सिंह के घर पर भी दबिश दी। अमृतपाल की मां से अभद्रता और घर का सामान अस्तव्यस्त करने का मामला सामने आया।
पुलिस कार्रवाई के विरोध में देर रात दर्जनों छात्र कोतवाली परिसर पहुंच गए और सीओ कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए। छात्रों की मांग – कोतवाल को तत्काल हटाया जाए और गर्भवती महिला के साथ मारपीट करने वाली महिला कांस्टेबल पर कठोर कार्रवाई की जाए।
विरोध बढ़ने पर सुबह लता गंगवार को पुलिस हिरासत से छोड़ दिया गया, जबकि पिता ओमप्रकाश अभी भी थाने में। छात्रों ने साफ कर दिया कि माफी और रिहाई तक आंदोलन जारी रहेगा।
दोपहर में पुलिस ने बलपूर्वक धरना समाप्त कराया, लेकिन छात्रों में आक्रोश कायम।
