रुद्रपुर (उत्तराखंड)। नैनीताल रोड पर सड़क पार कर रहे एक मजदूर को तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के तुरंत बाद सीपीयू कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर देवदूत की भूमिका निभाई और घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
घटना रोडवेज बस अड्डे के पास दोपहर के समय हुई, जब सड़क पार कर रहा युवक तेज रफ्तार पिकअप की चपेट में आ गया। टक्कर के बाद युवक डिवाइडर से टकराकर बुरी तरह घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने कुछ दूरी पर पिकअप को रोककर चालक की पिटाई कर दी।
पूछताछ में घायल युवक ने खुद को कैलाश, निवासी मुजफ्फरपुर (बिहार) बताया। उसने बताया कि वह आज ही रोजगार की तलाश में रुद्रपुर आया था, लेकिन इस दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया।
सीपीयू कर्मियों ने चालक और पिकअप को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। उनकी तत्परता और मानवीय संवेदना की नगरवासियों ने दिल से सराहना की है।
