
रुद्रपुर में दिनदहाड़े फायरिंग से दहशत, युवक पर हमला—तमंचे के साथ एक आरोपी दबोचा

रुद्रपुर। कोतवाली क्षेत्र के भदईपुरा में सोमवार दोपहर उस वक्त अफरातफरी मच गई जब बाइक सवार युवकों ने एक युवक को रास्ते में घेरकर मारपीट की और उस पर कई राउंड फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि युवक बाल-बाल बच गया।
मिली जानकारी के अनुसार भदईपुरा वार्ड-14 निवासी नीरज त्यागी दोपहर करीब 1:30 बजे खाना खाने के बाद दवा लेने रोहन मेडिकल जा रहा था। इसी दौरान 2-3 बाइकों पर सवार युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि सुमित बंगाली ने अपनी बाइक रोककर पुराने विवाद को लेकर पूछताछ की और देखते ही देखते गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित के मुताबिक, सुमित बंगाली ने कमर से तमंचा निकालकर उसका पीछा किया, जिससे बचने के लिए वह पास स्थित शनि मंदिर में घुस गया। आरोप है कि हमलावर ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग बाहर निकल आए। इसी बीच आरोपी सुमित बंगाली अपने साथियों रविषेक यादव, विशाल और सोहन के साथ बाइक से भागने लगे। तभी पीड़ित की मां पूनम त्यागी ने साहस दिखाते हुए एक किशोर को बाइक समेत पकड़ लिया।
बताया जा रहा है कि अपने साथी को छुड़ाने के लिए हमलावरों ने हवाई फायरिंग भी की। पकड़े गए युवक की पहचान सोहन मलिक के रूप में हुई, जिसकी तलाशी लेने पर उसके पास से एक तमंचा बरामद हुआ।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया और उसके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, मुख्य आरोपी सुमित बंगाली समेत अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर तीन नामजद समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

