यात्रियों की जान बचाने में चली गई चालक की जान, लोहाघाट में रोडवेज बस हादसा

ख़बर शेयर करें -

यात्रियों की जान बचाने में चली गई चालक की जान, लोहाघाट में रोडवेज बस हादसा

 

लोहाघाट। लोहाघाट-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। धारचूला से टनकपुर जा रही टनकपुर डिपो की रोडवेज बस मरोड़ाखान-रायकोट के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में बस चालक की अपनी ही बस के पहिए के नीचे दबने से मौके पर मौत हो गई, जबकि बस में सवार सभी 34 यात्री सुरक्षित बच गए।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। यात्रियों और परिचालक किशन ने बताया कि लोहाघाट के मंदिर के पास एक तीखे मोड़ पर बस के ब्रेक या स्टीयरिंग ने काम करना बंद कर दिया। स्थिति को भांपते हुए चालक बेनीराम भट्ट, निवासी बड़ोली (चंपावत), ने बड़ा हादसा टालने के लिए बस को पहाड़ी की ओर मोड़कर टकरा दिया।

 

इसी दौरान चालक की ओर का दरवाजा अचानक खुल गया और वह असंतुलित होकर सड़क किनारे बनी नाली में गिर गए। अनियंत्रित बस का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

 

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अशोक कुमार और तहसीलदार मोहीउद्दीन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाया गया और चालक के शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

 

हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों और यात्रियों ने चालक की सूझबूझ की सराहना करते हुए कहा कि उनकी समझदारी से 34 यात्रियों की जान बच गई, लेकिन इस प्रयास में उन्होंने अपनी जान गंवा दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *