कच्ची शराब से मौत की आशंका पर भड़के लोग, पुलिस और आबकारी विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में रविवार सुबह एक व्यक्ति का शव संदिग्ध हालात में मिलने से हड़कंप मच गया। आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की मौत जहरीली कच्ची शराब पीने से हुई है। जैसे ही घटना की खबर फैली, पूरे इलाके में गुस्से का माहौल बन गया। लोगों ने पुलिस और आबकारी विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के मुताबिक ट्रांजिट कैंप वार्ड नंबर पांच में रॉक जिम वाली रोड पर हरेराम की दुकान के बाहर तख्त पर एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। सुबह जब लोगों ने शव देखा तो पूरे मोहल्ले में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पार्षद प्रतिनिधि राधेश शर्मा मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। थोड़ी देर में पुलिस टीम भी पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हालांकि, देर शाम तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक ने संभवतः कच्ची शराब का सेवन किया था। उनका कहना है कि क्षेत्र में खुलेआम जहरीली शराब बेची जा रही है और कई लोग पहले भी इसकी चपेट में आ चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस और आबकारी विभाग की मिलीभगत से यह धंधा लगातार फलफूल रहा है।
पार्षद पति राधेश शर्मा ने कहा कि मोहल्ले में कच्ची शराब की बिक्री की शिकायतें पहले भी कई बार की गईं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ दिखावा हुआ। उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन ने अब सख्त कदम नहीं उठाए, तो मोहल्ले के लोग आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
वहीं, समाजसेवी सुशील गावा ने भी घटना पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि जहरीली शराब से लोग मर रहे हैं और अधिकारी चुप बैठे हैं। उन्होंने कहा कि अवैध शराब का सिंडिकेट गहराई तक फैल चुका है और अब समाज को मिलकर इसके खिलाफ खड़ा होना होगा।
लोगों का कहना है कि शाम होते ही गलियों में शराबियों का जमावड़ा लग जाता है, जिससे माहौल बिगड़ता जा रहा है। पुलिस और आबकारी विभाग की ढिलाई के चलते शराब माफियाओं के हौसले बुलंद हैं।
