
🟥 समाचार प्लस लाइव: हल्द्वानी में युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या, अवैध संबंधों के शक में सनसनीखेज वारदात
हल्द्वानी (उत्तराखंड)। नैनीताल जनपद के हल्द्वानी शहर में देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। अवैध संबंधों के शक में एक युवक की बेरहमी से पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई। यह दर्दनाक घटना बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के गौजाजाली इलाके की है, जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
मृतक की हुई पहचान
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान तरुण रावत (26 वर्ष) पुत्र राधेश्याम, निवासी राजेंद्र नगर, गली नंबर-3, हल्द्वानी के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि आरोपी को अपनी पत्नी और तरुण के बीच अवैध संबंधों का संदेह था। इसी शक के चलते वह युवक से रंजिश रखने लगा था।
पत्थर से हमला कर उतारा मौत के घाट
घटना की रात जब तरुण आरोपी के घर पहुंचा, तो उसने उस पर अचानक हमला बोल दिया। आरोपी ने तरुण के सिर पर पत्थर से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर रात करीब 2:30 बजे पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
सीओ सिटी नितिन लोहनी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच और मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर यह साफ है कि हत्या व्यक्तिगत रंजिश और अवैध संबंधों के शक में की गई है। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
हत्या थी पूर्व नियोजित या अचानक का परिणाम?
फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि हत्या पूर्व नियोजित साजिश थी या गुस्से में उठाया गया अचानक कदम। इस सनसनीखेज वारदात से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और क्षेत्र में तनाव व्याप्त है।
