रुद्रपुर छात्रसंघ चुनाव में बवाल: हाईवे पर चली गोलियां, हाथ में तमंचे लहराते दिखे युवक – एसएसपी मणिकांत मिश्रा की सख्त कार्रवाई, सोशल मीडिया फुटेज भी खंगाले जा रहे

रुद्रपुर। सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव नामांकन के दौरान बुधवार को माहौल बिगड़ गया। कॉलेज गेट के सामने हाईवे पर दो गुटों में कहासुनी और मारपीट हुई। बात इतनी बढ़ी कि एक पक्ष ने पिस्टल से फायरिंग कर दी। गोली चलने से हाईवे पर भगदड़ मच गई और छात्र-छात्राएं जान बचाकर भागने लगे।

इसी बीच कुछ युवक हाथों में तमंचे लहराते हुए भी नजर आए। यह पूरी घटना कैमरे और मोबाइल फोन में कैद हो गई। अब ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों गुटों को खदेड़कर हालात काबू में किए और कई वाहनों को कब्जे में लिया। फिलहाल कॉलेज गेट और हाईवे पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

जिले के एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस की अलग-अलग टीमों को जांच में लगाया है।

एसएसपी ने कहा कि तमंचा लहराने और गोली चलाने वालों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो भी खंगाले जा रहे हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि “चुनाव के नाम पर अराजकता फैलाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। चाहे वे किसी भी गुट से जुड़े हों, तमंचा लहराने और फायरिंग करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।

छात्रसंघ चुनाव को लेकर रुद्रपुर पहले से ही तनाव में था। अब खुलेआम हाईवे पर गोलियां चलना और युवकों का तमंचा लहराना, कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।

लोग पूछ रहे हैं –

आखिर हथियार लेकर छात्र कैसे कॉलेज गेट तक पहुंच गए?

किस गुट के लोग तमंचा लहरा रहे थे?

और क्या पुलिस सभी आरोपियों को पकड़ पाएगी?