लव जिहाद जाल का पर्दाफाश: नाबालिगों को ब्लैकमेल करने वाला पकड़ा, एसएसपी मणिकांत मिश्रा की निर्णायक कार्रवाई
रुद्रपुर। उधमसिंहनगर पुलिस ने लव जिहाद के जाल में नाबालिगों को फंसाने और ब्लैकमेल करने वाले आरोपी बाल अपचारी को संरक्षण में लेकर निर्णायक कार्रवाई की है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा के निर्देशन और मार्गदर्शन में की गई।
घटना का विवरण
20 सितंबर 2025 कोतवाली रुद्रपुर क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने और ब्लैकमेलिंग करने का मामला सामने आया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को विधिक प्रावधानों के तहत संरक्षण में लिया।
प्राथमिक जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी सोशल मीडिया के जरिए नाबालिग लड़कियों से दोस्ती कर उन्हें प्रेम संबंधों के झूठे जाल में फंसाता और फिर ब्लैकमेल करता था। वह पीड़िताओं की फोटो और वीडियो का दुरुपयोग करता तथा उन्हें धमकाकर शारीरिक शोषण तक करता था।
पुलिस जांच में बड़े खुलासे
आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से नाबालिग लड़कियों को फंसाता था।
फर्जी फोटो-वीडियो बनाकर उन्हें वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता था।
मुलाकात के दौरान नशीला पदार्थ पिलाकर शोषण करता और आपत्तिजनक वीडियो बनाता था।
जांच से यह भी सामने आया कि आरोपी कई अन्य नाबालिग लड़कियों को भी अपने जाल में फंसा चुका था।
पुलिस की कार्यवाही
एसएसपी मणिकांत मिश्रा के सख्त निर्देश पर पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू की है। बीते 24 घंटों में उसके परिजनों से भी गहन पूछताछ की गई। परिवार के बैंक खातों और संपत्तियों की जांच की जा रही है ताकि आरोपी के नेटवर्क और आर्थिक स्रोतों का पता लगाया जा सके।
साथ ही साइबर क्राइम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम आरोपी के मोबाइल, सोशल मीडिया अकाउंट और डिजिटल डिवाइस की जांच कर रही है ताकि अन्य पीड़िताओं की पहचान हो सके।
पुलिस ने आरोपी से एक मोबाइल फोन (Vivo Y16) बरामद किया है। इसमें से कई आपत्तिजनक फोटो-वीडियो मिले हैं। मोबाइल को फॉरेंसिक जांच हेतु भेजा गया है।
सरकार और पुलिस का रुख
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लव जिहाद जैसे अपराधों पर शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई है। उसी क्रम में एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने साफ किया कि जिले में लव जिहाद और बाल शोषण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को इस तरह की गतिविधि की जानकारी हो तो तत्काल नजदीकी थाने को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
यह कार्रवाई साफ संदेश देती है कि उधमसिंहनगर पुलिस अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शने वाली नहीं है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस न केवल त्वरित कार्रवाई कर रही है बल्कि अपराध की जड़ों तक पहुंचकर पूरे नेटवर्क को खत्म करने का काम भी कर रही है।
