
भीमताल में STF और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2.68 किलो चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
नैनीताल। उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे “ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान” के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और भीमताल पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 2.68 किलोग्राम चरस बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 6.75 लाख रुपये आंकी गई है।
STF की एंटी नार्कोटिक्स कुमाऊँ यूनिट को मिली तकनीकी और मैनुअल सूचना के आधार पर थाना भीमताल क्षेत्र में अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अख्तर हुसैन (43 वर्ष) निवासी ब्लॉक रोड, मल्लीताल, भीमताल और विजय सिंह बिष्ट (34 वर्ष) निवासी ग्राम सुपी, थाना मुक्तेश्वर, जनपद नैनीताल को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी लंबे समय से नशा तस्करी के कारोबार में संलिप्त थे। पूछताछ में उन्होंने खुलासा किया कि वे कुमाऊँ के पर्वतीय क्षेत्रों से कम कीमत पर चरस खरीदकर मैदानी क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। STF अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 2.68 किलोग्राम व्यावसायिक मात्रा की चरस, एक मारुति ऑल्टो कार और एक महिंद्रा पिकअप वाहन भी बरामद किया है। दोनों वाहनों का उपयोग नशा तस्करी में किया जा रहा था।
STF के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री के “ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान” के तहत राज्यभर में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी है। पुलिस और STF की टीमें लगातार निगरानी रख रही हैं और नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जा रहे हैं।
STF ने आम जनता से भी अपील की है कि नशा तस्करी या नशे के कारोबार से जुड़ी किसी भी सूचना को तत्काल पुलिस या STF तक पहुंचाएं। विभाग ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
