ऊधमसिंहनगर में अपराधियों पर शिकंजा कसने की तैयारी, एसएसपी अजय गणपति ने थाना प्रभारियों को दिए सख्त निर्देश
रुद्रपुर,। ऊधमसिंहनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस कार्यालय में मासिक अपराध समीक्षा बैठक की। बैठक में सभी पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निस्तारण और आधुनिक पुलिसिंग को लेकर कई अहम निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने विदेश भेजने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले कबूतरबाज एजेंटों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही जिले में संचालित इमिग्रेशन एजेंसियों के लाइसेंस और दस्तावेजों की व्यापक जांच के आदेश भी दिए गए।
बैठक में जमीनों की खरीद-फरोख्त के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी और भू-माफियाओं के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने, नशे के कारोबार में शामिल लोगों को जेल भेजने और यदि किसी पुलिसकर्मी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी तत्काल विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को धारा 107/116 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई तेज करने, न्यायालयों से जारी लंबित ई-समन का शत-प्रतिशत तामील कराने, बाहरी राज्यों के शस्त्र लाइसेंस धारकों का सत्यापन करने तथा एक वर्ष से अधिक समय से लंबित साइबर अपराधों की विवेचनाओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए।
आधुनिक पुलिसिंग को बढ़ावा देते हुए ट्रैफिक और सीपीयू पुलिस कर्मियों के लिए ड्यूटी के दौरान बॉडी वॉर्न कैमरा और हेडसेट का उपयोग अनिवार्य किया गया। वहीं, थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नागरिकों और व्यापारियों को अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए प्रेरित करने को कहा गया।
बैठक में एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसी भी क्षेत्र में फायरिंग की घटना होने पर संबंधित चौकी प्रभारी की जवाबदेही तय की जाएगी और लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई होगी।
बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले 10 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति देकर सम्मानित किया गया। एसएसपी ने कहा कि बेहतर कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को लगातार प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
