ऊधमसिंहनगर। जनपद में अपराधियों के हौंसले निरंतर बुलंद होते जा रहे हैं। अब गदरपुर में पंक्चर बनाने वाले एक मामूली व्यक्ति को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया। यह वारदात एनएच-74 पर अंजाम दी गयी। भोर में जब मृतक युवक की मां मौके पर पहुंची तो खून पसरा देखकर चिल्ल चिल्ला कर रोने लगी।
आवाज सुनकर परिवार के अन्य लोग भी पहुंच गए। पुलिस घटनास्थल का जायजा ले रही है। गदरपुर के ग्राम मसीत निवासी 19 वर्षीय फरमान की घर के पास एनएच-74 पर चांद मुस्लिम नाम से होटल है। होटल से लगी बाइक पंक्चर की दुकान भी है। वह बाइक पंक्चर बनाता था और छोटे भाई 16 वर्षीय अकील के साथ दुकान में सो जाता था।
जबकि उसके दो बड़े भाई घर में परिवार के साथ सोते हैं। चारों भाई का संयुक्त परिवार है। मंगलवार सुबह करीब चार बजे फरमान की मां रफीकन घर के बाहर झाड़ू लगाते हुए होटल पहुंची तो दुकान में खून से लथपथ फरमान पड़ा था।
रफीकान के रोने की आवाज सुनकर स्वजन मौके पर पहुंचे। देखा कि रफीकन की गोली मार कर हत्या कर दी गयी थी। पास में कारतूस के दो खोखे बरामद हुए हैं। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है। फरमान चार भाइयों में तीसरे नम्बर का था।
