
वन्य जीव सप्ताह का शुभारंभ, सीएम धामी बोले– वन्यजीव संघर्ष में जनहानि पर 10 लाख की सहायता, युवाओं को मिलेगा इको-टूरिज्म से रोजगार
देहरादून। मालसी स्थित जू में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वन्य जीव प्राणी सप्ताह का शुभारंभ किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने घोषणा की कि वन्य जीव संघर्ष के दौरान जनहानि होने पर सहायता राशि को बढ़ाकर 10 लाख रुपए किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों और पर्यटकों से अपील की कि जंगल सफारी या किसी भी धार्मिक पर्यटन स्थल के भ्रमण के दौरान वहां की शुचिता का अवश्य ध्यान रखें।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से प्रदेश सरकार इकोलॉजी, इकोनॉमी और टेक्नोलॉजी के समन्वय से सतत विकास के संकल्प को आगे बढ़ा रही है। प्रदेश में नए इको-टूरिज्म मॉडल पर काम हो रहा है ताकि लोग जंगलों से जुड़ें लेकिन प्रकृति को नुकसान न पहुंचे।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार का 1 लाख युवाओं को “सीएम यंग इको-प्रिन्योर” बनाने का संकल्प अब आगे बढ़ रहा है। इस योजना के तहत युवाओं को नेचर गाइड, ड्रोन पाइलट, वाइल्डलाइफ फोटोग्राफर, इको-टूरिज्म और वन्यजीव पर्यटन आधारित कौशल कार्यों को उद्यम के रूप में विकसित कर रोजगार और आर्थिकी से जोड़ा जा रहा है।
इस अवसर पर राज्य सभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, गणेश जोशी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
