मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्थापना दिवस व नन्दा राजजात यात्रा की तैयारियों पर अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

ख़बर शेयर करें -

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्थापना दिवस व नन्दा राजजात यात्रा की तैयारियों पर अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

 

समाचार प्लस लाइव — देहरादून मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शासकीय आवास पर आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर होने वाले कार्यक्रमों में आमजन की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह पर्व राज्यवासियों के गौरव से जुड़ा है, इसलिए इसकी तैयारियों में किसी भी स्तर पर कोताही नहीं होनी चाहिए।

सीएम धामी ने नन्दा राजजात यात्रा मार्गों और रात्रि पड़ाव स्थलों पर अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए शीघ्र कार्ययोजना तैयार करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता और सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं पूरी मजबूती से उपलब्ध कराई जाएं।

शहरी क्षेत्रों में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए मुख्यमंत्री ने प्रभावी और दीर्घकालिक योजना बनाने के निर्देश दिए। साथ ही खाद्य सामग्री में मिलावटखोरी रोकने के लिए प्रदेशभर में सघन जांच अभियान चलाने के आदेश भी अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि जनता को शुद्ध व सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

प्रदेश में चल रही फ्लैगशिप योजनाओं और पूर्ण होने वाले कार्यक्रमों का विस्तृत ब्यौरा तैयार करने पर भी जोर दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित होनी चाहिए ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने बार-बार मिलने वाली सड़क शिकायतों पर भी सख्ती दिखाई। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाए और गड्ढा मुक्त सड़क अभियान की साप्ताहिक समीक्षा अनिवार्य रूप से की जाए। जहां जरूरत हो वहां पैचवर्क का काम तुरंत पूरा किया जाए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साफ कहा कि जनता की सुविधा और सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं में किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग मिलकर समयबद्ध तरीके से काम करें और नियमित रूप से प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *