परमवीर चक्र विजेताओं की अनुग्रह राशि अब ₹2 करोड़, धामी सरकार ने विकास योजनाओं के लिए ₹62 करोड़ से अधिक किए मंजूर

परमवीर चक्र विजेताओं की अनुग्रह राशि अब ₹2 करोड़, धामी सरकार ने विकास योजनाओं के लिए ₹62 करोड़ से अधिक किए मंजूर

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने वीर सैनिकों के सम्मान और राज्य के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने परमवीर चक्र विजेताओं को दी जाने वाली अनुग्रह राशि बढ़ाकर ₹2 करोड़ करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार देश के वीर सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने राज्य की विभिन्न विकास परियोजनाओं के लिए ₹62 करोड़ से अधिक की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इनमें देहरादून के टपकेश्वर महादेव क्षेत्र में 8 एमएलडी क्षमता के सीवर शोधन संयंत्र के लिए भूमि खरीद हेतु ₹6.62 करोड़ और नाबार्ड वित्तपोषित 21 विकास योजनाओं के लिए ₹41.37 करोड़ मंजूर किए गए हैं।

हरिद्वार में वर्ष महाकुंभ-2027 की तैयारियों को गति देते हुए बैरिकेडिंग, फायर वॉच टावर और अन्य व्यवस्थाओं के लिए ₹5.46 करोड़, जबकि अस्थायी रैन बसेरों के निर्माण के लिए ₹6.85 करोड़ की स्वीकृति दी गई है।

इसके अलावा अल्मोड़ा, द्वाराहाट, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर में मंदिरों के सौंदर्यीकरण, धर्मशाला निर्माण और डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क के विकास सहित विभिन्न कार्यों के लिए भी धनराशि मंजूर की गई है। वहीं, भूतपूर्व सैनिकों के आश्रित छात्र-छात्राओं की छात्रवृत्ति के लिए ₹36.84 लाख की स्वीकृति दी गई है।

मुख्यमंत्री धामी ने सीमांत क्षेत्रों के वाइब्रेंट विलेज में ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए ‘थाना दिवस’ और ‘रात्रि चौपाल’ कार्यक्रम शुरू करने की भी मंजूरी दी है। इन कार्यक्रमों के तहत कानून-व्यवस्था, दस्तावेज सत्यापन, साइबर जागरूकता और पुलिस संबंधी शिकायतों का स्थानीय स्तर पर निस्तारण किया जाएगा।

सरकार का कहना है कि इन निर्णयों से एक ओर वीर सैनिकों के सम्मान को और मजबूती मिलेगी, वहीं दूसरी ओर राज्य में आधारभूत ढांचे, धार्मिक पर्यटन और सीमांत क्षेत्रों के विकास को भी नई गति मिलेगी।