
रुद्रपुर में प्रबुद्ध जन गोष्ठी: महापौर विकास शर्मा और जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या ने मोदी-धामी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
रुद्रपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत शुक्रवार को शहर के आर्क होटल में भव्य प्रबुद्ध जन गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में क्षेत्रीय सांसद एवं पूर्व केन्द्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट मौजूद रहे।
गोष्ठी का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। सांसद अजय भट्ट के साथ रुद्रपुर महापौर विकास शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल और दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित किया। गोष्ठी का संचालन जिला महामंत्री तरुण दत्ता ने किया।
महापौर विकास शर्मा का संबोधन
महापौर विकास शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत को जिस विकास गति से आगे बढ़ाया है, वह पूरी दुनिया के लिए उदाहरण है। उज्ज्वला योजना से महिलाओं को धुएं से आज़ादी मिली है, आवास योजना से गरीबों के सपनों को घर मिला है और स्वच्छ भारत अभियान ने समाज में स्वच्छता के प्रति नई चेतना जगाई है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की जरूरतों को समझते हुए युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाए हैं और निवेश को आकर्षित करने के ठोस प्रयास किए हैं।
महापौर ने जोर दिया कि रुद्रपुर नगर निगम भी सरकार की सोच के अनुरूप जनता की सेवा को प्राथमिकता देता है और आने वाले समय में जनता के सहयोग से शहर को और बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास करता रहेगा। शर्मा ने कार्यकर्ताओं से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या की सक्रिय भूमिका
जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या ने कहा कि मोदी-धामी सरकार ने आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का काम किया है। किसानों को सम्मान निधि से राहत मिली है, आयुष्मान भारत योजना से गरीबों को मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है और महिला सशक्तिकरण के लिए संचालित योजनाएं समाज में नई दिशा दे रही हैं।
उन्होंने कहा कि जिला पंचायत स्तर पर भी इन योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय रूप से कार्य किया जा रहा है ताकि अंतिम पंक्ति में खड़ा व्यक्ति भी सरकार की योजनाओं से लाभान्वित हो सके।
सांसद अजय भट्ट का संबोधन
सांसद अजय भट्ट ने महिला सशक्तिकरण, फिट इंडिया, ड्रोन दीदी, लखपति दीदी, सिंदूर ऑपरेशन, बॉर्डर सुरक्षा और लोकल फॉर वोकल जैसे कई विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छुई हैं और मुख्यमंत्री धामी ने अल्प समय में बड़े फैसले लेकर प्रदेश को नई दिशा दी है।
जिलाध्यक्ष कमल जिंदल का वक्तव्य
जिलाध्यक्ष कमल जिंदल ने कहा कि सेवा पखवाड़ा भाजपा की कार्यसंस्कृति का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ आज हर वर्ग तक पहुंच रहा है और कार्यकर्ताओं को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि यह लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
कार्यक्रम में महापौर विकास शर्मा और जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्या की सक्रिय भूमिका ने गोष्ठी को और भी प्रभावी बना दिया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और प्रबुद्धजन मौजूद रहे।
