सीएम धामी की सख्ती : शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, छात्रों के लिए बनेगा हेल्प डेस्क

ख़बर शेयर करें -

सीएम धामी की सख्ती : शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, छात्रों के लिए बनेगा हेल्प डेस्क

 

देहरादून। सचिवालय में आयोजित सीएम हेल्पलाइन-1905 की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों की हर माह अनिवार्य समीक्षा सुनिश्चित की जाए। धामी ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने वाले लोगों से सीधा संवाद कर उनका फीडबैक भी लिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि उच्च शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले छात्रों की समस्याओं के निस्तारण के लिए विश्वविद्यालय और महाविद्यालय स्तर पर हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएं, ताकि छात्रों की शासन स्तर से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि शिकायतों का निस्तारण न करने वाले अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों की शिकायतों को प्राथमिकता दी जाए और उनके समाधान की विशेष निगरानी की जाए। धामी ने चेतावनी दी कि कई विभाग टिकट क्लोज करने की जल्दबाजी में पोर्टल पर कार्रवाई गतिमान दिखा देते हैं, जबकि जमीन पर समस्या जस की तस रहती है। इस प्रवृत्ति को तत्काल प्रभाव से रोका जाए।

बैठक में सभी सड़कों को शीघ्र गड्ढा मुक्त बनाने और आपदा से क्षतिग्रस्त संपत्तियों का प्राक्कलन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *