विश्वविद्यालय में मिलेट्स पर दो-दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित*

ख़बर शेयर करें -

विश्वविद्यालय में मिलेट्स पर दो-दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

 

पंतनगर। 2 फरवरी 2026। विश्वविद्यालय के सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय में अखिल भारतीय समन्वित अनुसंधान परियोजना-महिला कृषि (एआईसीआरपी-डब्लू आईए) के तत्वावधान में ‘मातृ एवं किशोर जनसंख्या में खाद्य एवं पोषण सुरक्षा में सुधार हेतु मिलेट्स’ विषय पर दो-दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन अधिष्ठाता, सामुदायिक विज्ञान महाविद्यालय डा. अल्का गोयल द्वारा किया गया। इस अवसर पर इकाई समन्वयक एआईसीआरपी-डब्लू आइए, डा. मनीषा गहलोत तथा प्रधान अन्वेषक, श्रीअन्न प्रोग्राम डा. सीमा क्वात्रा भी उपस्थित रहीं। अतिथियों ने मिलेट्स की पोषणीय महत्ता तथा कुपोषण की समस्या से निपटने में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला। प्रशिक्षण के प्रथम दिन, आस-पास के क्षेत्रों की महिलाओं ने भाग लिया। उन्हें मिलेट्स के पोषण लाभों, विशेष रूप से मातृ पोषण में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही मिलेट-आधारित केक बनाने की विधि का प्रदर्शन भी किया गया। द्वितीय दिन का प्रशिक्षण किशोरियों के लिए आयोजित किया गया, जिसमें वृद्धि, एनीमिया की रोकथाम एवं समग्र स्वास्थ्य में मिलेट्स के महत्व पर व्याख्यान दिया गया। इस दौरान स्वस्थ रागी चॉकलेट बनाने की विधि का प्रदर्शन किया गया तथा मिलेट्स पर आधारित चित्रात्मक वीडियो और कहानियां भी दिखाई गईं, जिससे विषय को रोचक एवं प्रभावी बनाया जा सके। प्रशिक्षण कार्यक्रम का संपूर्ण एवं प्रभावी संचालन डा. संग्या सिंह एवं यंग प्रोफेशनल भाब्या, एआईसीआरपी-डब्लूआईए के अंतर्गत किया गया। कार्यक्रम को प्रतिभागियों से सकारात्मक प्रतिक्रिया प्राप्त हुई तथा इसने पोषण जागरूकता बढ़ाने एवं मिलेट्स आधारित खाद्य पदार्थों के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *