रुड़की में यूपी एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, संदिग्ध आतंकी नेटवर्क से जुड़े 4 लोग गिरफ्तार, युवती भी हिरासत में

ख़बर शेयर करें -

रुड़की में यूपी एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, संदिग्ध आतंकी नेटवर्क से जुड़े 4 लोग गिरफ्तार, युवती भी हिरासत में

 

रुड़की/हरिद्वार। उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने रुड़की और आसपास के इलाकों में बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। बताया जा रहा है कि संदिग्धों के बैंक खातों में विदेश से फंडिंग हो रही थी और उनके तार पाकिस्तान से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।

 

जानकारी के अनुसार रुड़की के ढंडेरा निवासी मुशर्रफ को यूपी एसटीएफ ने गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों को शक है कि उसके संपर्क पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स से थे और यूपी में बड़े धमाके की साजिश रची जा रही थी। सूत्रों के मुताबिक इस नेटवर्क में तीन अन्य युवक भी शामिल बताए जा रहे हैं। एजेंसियां काफी समय से इनकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थीं।

 

जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और वीडियो कॉलिंग एप के जरिए लगातार पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में था। एजेंसियों को संदेह है कि नेटवर्क का मकसद युवाओं को जोड़कर देश के भीतर स्लीपर सेल को मजबूत करना था। हालांकि गांव के लोग इस मामले में ज्यादा कुछ बोलने से बचते नजर आए। ग्रामीणों का कहना है कि मुशर्रफ कभी-कभी ही गांव आता था।

 

एटीएस सूत्रों के अनुसार आरोपियों पर देश के संवेदनशील स्थानों की रेकी करने और महत्वपूर्ण जानकारियां पाकिस्तान तक पहुंचाने के आरोप हैं। शुरुआती पूछताछ में कई अहम सुराग मिलने का दावा किया जा रहा है। जांच एजेंसियां आरोपियों के मोबाइल फोन, सोशल मीडिया अकाउंट, चैट हिस्ट्री और अन्य डिजिटल उपकरणों की गहन जांच कर रही हैं।

 

सूत्रों के मुताबिक सहारनपुर निवासी महकाब और गगनदीप उर्फ गुरी सिंह की मुलाकात मार्च महीने में नोएडा में हुई थी। जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आतंकी गतिविधियों के लिए हथियारों की व्यवस्था करने की कोशिश कर रहे थे। इसके बाद पूरे नेटवर्क पर निगरानी बढ़ाई गई और संयुक्त कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

 

वहीं दूसरी ओर यूपी एसटीएफ ने कलियर थाना क्षेत्र के आसफ नगर गांव से एक युवती को भी हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि उसके बैंक खाते में भी विदेश से फंडिंग की जा रही थी। एसटीएफ ने कई घंटे तक पूछताछ और छानबीन के बाद संदिग्ध युवती को हिरासत में लिया।

 

फिलहाल एजेंसियां पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही हैं और आने वाले समय में इस मामले में कई और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *