रुद्रपुर में बनेगा ‘पूर्वांचल भवन’, महापौर विकास शर्मा की बड़ी घोषणा
नगर निगम उपलब्ध कराएगा भूमि के साथ कम्युनिटी हॉल का निर्माण भी करेगा, पूर्वांचल समाज ने किया सम्मानित
रुद्रपुर। पूर्वांचल समाज की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने की ओर बढ़ गई है। बुधवार को नगर निगम कार्यालय में पूर्वांचल समाज के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान महापौर विकास शर्मा ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि नगर निगम पूर्वांचल समाज के लिए केवल भूमि ही उपलब्ध नहीं कराएगा, बल्कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त ‘पूर्वांचल भवन’ (कम्युनिटी हॉल) का निर्माण भी कराएगा।
पूर्वांचल समाज का प्रतिनिधिमंडल भवन निर्माण के लिए भूमि आवंटित करने की मांग लेकर महापौर से मिला था। प्रतिनिधियों ने बताया कि जिले और आसपास के क्षेत्रों में हजारों पूर्वांचलवासी निवास करते हैं, जो समय-समय पर सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित करते हैं। स्थायी भवन नहीं होने के कारण समाज को विभिन्न आयोजनों के लिए लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि आजादी के बाद उत्तर प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री पंडित गोविंद बल्लभ पंत के आह्वान पर हजारों पूर्वांचलवासी तराई क्षेत्र को बसाने आए थे। कठिन परिस्थितियों में उन्होंने क्षेत्र के विकास के साथ-साथ उत्तराखंड की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक उन्नति में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
मांग को न्यायोचित बताते हुए महापौर विकास शर्मा ने घोषणा की कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग से नगर निगम शहर में सात नए कम्युनिटी सेंटर स्थापित करने जा रहा है। इनमें से एक कम्युनिटी सेंटर पूर्वांचल समाज को समर्पित होगा। उन्होंने कहा कि भवन का नाम समाज की इच्छा के अनुसार किसी महापुरुष के नाम पर रखा जाएगा, जहां सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षिक गतिविधियों का नियमित आयोजन हो सकेगा।
महापौर ने बताया कि नगर निगम पहले बंगाली समाज के लिए ‘बंग भवन’ की पहल कर चुका है और अब पूर्वांचल समाज के लिए भी अलग कम्युनिटी हॉल बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर के विकास के लिए सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है। ड्रेनेज व्यवस्था सुधारने के लिए 184 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत हो चुकी है, जबकि कल्याणी नदी पुनरोद्धार और छह नए छठ घाटों के निर्माण का प्रस्ताव भी शासन को भेजा गया है।
महापौर की घोषणा से उत्साहित पूर्वांचल समाज के प्रतिनिधियों ने उनका आभार व्यक्त करते हुए स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर समाज के अध्यक्ष जेबी सिंह, धीरेन्द्र मिश्रा, हिमांशु शुक्ला, राकेश सिंह, सर्वजीत कुमार सिंह, नंद लाल शर्मा, मोहन तिवारी, विपिन कुमार, देवेंद्र शाही, निशांत शाही, राजेश कुमार, दुर्गेश, अभिषेक, विशाल, जयंत सिंह सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।
