मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अल्पसंख्यक शिक्षा संस्थानों को वितरित किए मान्यता प्रमाण पत्र, कहा— ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से तैयार हों विद्यार्थी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अल्पसंख्यक शिक्षा संस्थानों को वितरित किए मान्यता प्रमाण पत्र, कहा— ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना से तैयार हों विद्यार्थी

देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में आयोजित अल्पसंख्यक शिक्षा संस्थान मान्यता प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए शिक्षण संस्थानों को मान्यता प्रमाण पत्र वितरित किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अल्पसंख्यक शिक्षा संस्थानों में प्रदेश सरकार द्वारा निर्धारित पाठ्यक्रम को लागू करना शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक बच्चे को समान, गुणवत्तापूर्ण एवं राष्ट्रहित पर आधारित शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा ऐसी होनी चाहिए जो विद्यार्थियों में राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी, अनुशासन और सकारात्मक सोच का विकास करे।

उन्होंने कहा कि कट्टरपंथ और अलगाववादी विचारधारा को बढ़ावा देने वाली शिक्षा किसी भी राष्ट्र के कल्याण, प्रगति और एकता का आधार नहीं बन सकती। सरकार का प्रयास विद्यार्थियों में ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना विकसित करना है, ताकि वे विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा सकें।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मान्यता प्राप्त करने वाले शिक्षण संस्थानों को शुभकामनाएं देते हुए अपेक्षा जताई कि वे निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर प्रदेश के शैक्षिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

इस अवसर पर गणेश जोशी, प्रदीप बत्रा तथा उमेश शर्मा काऊ सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं शिक्षा संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।