उत्तराखंड में अग्निवीर भर्ती का शेड्यूल जारी, 27 जुलाई से 6 अगस्त तक हल्द्वानी में होगी रैली
हल्द्वानी। भारतीय सेना ने अग्निवीर भर्ती 2026 के तहत उत्तराखंड के युवाओं के लिए भर्ती रैली का कार्यक्रम जारी कर दिया है। सेना भर्ती कार्यालय के अनुसार 27 जुलाई से 6 अगस्त तक हल्द्वानी में विभिन्न पदों के लिए भर्ती आयोजित की जाएगी। भर्ती में प्रदेश के अलग-अलग जिलों के अभ्यर्थी निर्धारित तिथियों पर शामिल होंगे।
जारी कार्यक्रम के मुताबिक 27 जुलाई को धार्मिक शिक्षक जेसीओ और हवलदार एजुकेशन पद के लिए उत्तराखंड के सभी जिलों के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी। 28 जुलाई को सिपाही टेक्निकल (नर्सिंग असिस्टेंट) और 29 जुलाई को सिपाही टेक्निकल (नर्सिंग असिस्टेंट) के साथ सिपाही फार्मा पद के लिए सभी जिलों के अभ्यर्थी भाग लेंगे।
इसके बाद 30 जुलाई को बागेश्वर जिले के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी। 31 जुलाई को बागेश्वर और नैनीताल, 1 अगस्त को नैनीताल, 2 अगस्त को नैनीताल और ऊधम सिंह नगर, 3 अगस्त को ऊधम सिंह नगर और अल्मोड़ा जिले के अभ्यर्थियों को बुलाया गया है। 4 और 5 अगस्त को अल्मोड़ा जिले के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी, जबकि 6 अगस्त को अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर के अभ्यर्थियों के लिए अंतिम भर्ती कैंप आयोजित किया जाएगा।
सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और समय पर सभी आवश्यक मूल दस्तावेजों के साथ भर्ती स्थल पर पहुंचें। भर्ती प्रक्रिया से जुड़े सभी दिशा-निर्देशों का पालन करना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे भर्ती से पहले आधिकारिक अधिसूचना का अध्ययन अवश्य कर लें, ताकि किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
यह भर्ती उत्तराखंड के युवाओं के लिए भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा का सुनहरा अवसर है। सेना की ओर से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार समय पर पहुंचने वाले योग्य अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
