खटीमा की रामलीला में बड़ा हादसा! खर्दूषण बने अमित जोशी की गर्दन में घुसी असली तलवार

खटीमा की रामलीला में बड़ा हादसा! खर्दूषण बने अमित जोशी की गर्दन में घुसी असली तलवार

 

खटीमा की रामलीला में मंचन के दौरान अचानक दर्दनाक हादसा हो गया। कांजाबाग मार्ग स्थित प्राचीन सिद्धेश्वर शिव मंदिर में खर्दूषण का अभिनय कर रहे 22 वर्षीय अमित जोशी गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

दरअसल, सूर्पणखा की नाक कटने के बाद भगवान श्रीराम के साथ युद्ध के दृश्य में अमित गिरने का अभिनय कर रहे थे। इसी दौरान उनके हाथ में मौजूद असली तलवार की नोक उनकी गर्दन में घुस गई। हादसे में उनकी गर्दन और जीभ पर गंभीर चोटें आईं।

 

हादसा इतना अचानक हुआ कि शुरुआत में दर्शकों को लगा कि यह रामलीला के मंचन का ही हिस्सा है। लेकिन कुछ ही सेकंड में हकीकत सामने आते ही मंच पर अफरा-तफरी मच गई।

 

घायल अमित को तत्काल सरकारी अस्पताल ले जाया गया। बाद में उन्हें आनंद हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। राहत की बात यह है कि अमित अब खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। डॉक्टरों ने उन्हें कई दिनों तक आराम करने की सलाह दी है।

 

वहीं, इस हादसे के बावजूद रामलीला का मंचन आज भी जारी रहने की जानकारी दी गई है।