श्रीनगर में भाजपा का ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम, कांग्रेस की न्याय यात्रा पर मुख्यमंत्री धामी का हमला
उत्तराखंड | पौड़ी गढ़वाल | श्रीनगर।श्रीनगर में आयोजित भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहभागिता कर जनता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस की न्याय यात्रा पर निशाना साधते हुए कई सवाल उठाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक ओर डबल इंजन सरकार उत्तराखंड को विकास, सुशासन और समृद्धि की राह पर आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है, वहीं कांग्रेस न्याय यात्रा के नाम पर प्रदेश में भ्रम और अव्यवस्था फैलाने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कांग्रेस से अपने शासनकाल के भ्रष्टाचार, घोटालों और जनविरोधी कार्यों का हिसाब जनता के सामने रखने की बात कही।
अंकिता भंडारी प्रकरण का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पीड़ित परिवार के दर्द को राजनीतिक मुद्दा बना रही है। उन्होंने SIR जैसी संवैधानिक प्रक्रिया को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम पर भी सवाल उठाए।
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद महेंद्र भट्ट, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, सांसद अनिल बलूनी, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत, विधायक भारत सिंह चौधरी सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के जरिए भाजपा ने कांग्रेस की न्याय यात्रा के मुकाबले अपना राजनीतिक अभियान तेज करने का संदेश दिया।
