मुख्यमंत्री धामी ने नगला तराई में आधुनिक मॉडल प्राथमिक विद्यालय का किया लोकार्पण, बच्चों के साथ झूला झूलते आए नजर!

मुख्यमंत्री धामी ने नगला तराई में आधुनिक मॉडल प्राथमिक विद्यालय का किया लोकार्पण, बच्चों के साथ झूला झूलते आए नजर!

 

समाचार प्लस लाइव:उत्तराखंड | ऊधम सिंह नगर | खटीमा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा के नगला तराई में आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित मॉडल प्राथमिक विद्यालय का लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री बच्चों के बीच पहुंचे, उनसे आत्मीय बातचीत की और चॉकलेट व उपहार वितरित किए। मुख्यमंत्री ने बच्चों को झूला भी झुलाया। उनके इस अंदाज ने कार्यक्रम में मौजूद बच्चों और ग्रामीणों का ध्यान आकर्षित किया।

 

मुख्यमंत्री ने विद्यालय में स्मार्ट क्लास और प्रयोगशाला का निरीक्षण किया। विद्यालय में आधुनिक सुविधाओं से युक्त पांच कक्ष तैयार किए गए हैं। यहां विशेष रूप से STEM लैब स्थापित की गई है, जिसके माध्यम से बच्चे खेल-खेल में विज्ञान, तकनीक, इंजीनियरिंग और गणित की बारीकियां सीख सकेंगे। वर्तमान में विद्यालय में करीब 70 बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त विद्यालय बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने सीमांत क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर जोर देते हुए कहा कि यहां बागवानी, कृषि, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के स्टार्टअप, रोजगार और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से विकास की अपार संभावनाएं हैं।

 

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश के 32 पीएम श्री विद्यालयों के लिए चार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि जारी की गई है। कक्षा एक से 12 तक के 1.45 लाख छात्र-छात्राओं को नोटबुक उपलब्ध कराने के लिए करीब आठ करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा प्रदेश के 87 माध्यमिक विद्यालयों में वर्चुअल क्लास, 264 विद्यालयों में स्मार्ट क्लास और 16 विद्यालयों में कंप्यूटर लैब स्थापित करने का कार्य प्रगति पर है।

 

उन्होंने कहा कि 152 राजकीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों के कक्षा आठ से दस तक के 16 हजार से अधिक विद्यार्थियों को निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग दी जा रही है। कक्षा 11 और 12 के विद्यार्थियों को नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

 

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में शिक्षा संबंधी अन्य विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि पीएम श्री थारू राजकीय इंटर कॉलेज में 3 करोड़ 24 लाख रुपये की लागत से डिजिटल लाइब्रेरी और विद्यालय के सौंदर्यीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। वहीं रुद्रपुर में जिला पुस्तकालय और खटीमा के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में नए भवन का निर्माण कार्य भी कराया जा रहा है।

 

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए संघर्षों से सीखना जरूरी है। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों की रुचि और क्षमता को पहचानकर उन्हें सही मार्गदर्शन देने का आह्वान किया।

 

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिला पंचायत सदस्य सूरज धामी, ग्राम प्रधान दीपू मेहरा, दिनेश राणा, डीएम नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति, सीडीओ दिवेश शाशनी, इंडिया ग्लाइकोल्स लिमिटेड के निदेशक आलोक सिंघल, राजेश कुमार सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।