राज्यपाल की अधिकारियों को दो टूक! नशे पर सख्ती, सड़क हादसों के ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने और जनजातीय क्षेत्रों में योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने के निर्देश

राज्यपाल की अधिकारियों को दो टूक! नशे पर सख्ती, सड़क हादसों के ब्लैक स्पॉट चिन्हित करने और जनजातीय क्षेत्रों में योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने के निर्देश

 

उत्तराखंड | ऊधम सिंह नगर:पंतनगर में मंगलवार को राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के सभागार में ऊधम सिंह नगर और नैनीताल जनपद के जिलाधिकारियों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों तथा प्रभागीय वनाधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में दोनों जिलों में चल रहे विकास कार्यों, कानून व्यवस्था, यातायात और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई।

 

बैठक में जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर नितिन सिंह भदौरिया ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से जिले की भौगोलिक स्थिति, विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए दो एकलव्य मॉडल स्कूल संचालित हैं। किच्छा में सैटेलाइट एम्स का निर्माण पूरी तरह पूरा हो चुका है और जल्द ही इसका संचालन शुरू होगा। रुद्रपुर में मेडिकल कॉलेज और जिला चिकित्सालय में क्रिटिकल केयर सेंटर का निर्माण भी पूरा हो चुका है। इसके अलावा विद्यार्थियों को नीट और जेईई की निःशुल्क कोचिंग दी जा रही है तथा ब्लॉक, न्याय पंचायत और जिला स्तर पर पुस्तकालय संचालित किए जा रहे हैं।

 

जिलाधिकारी ने बताया कि कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल, वेयरहाउस और काशीपुर में 10 एमएलडी क्षमता के एसटीपी का निर्माण कराया जा रहा है। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए रुद्रपुर और काशीपुर में ड्रेनेज प्लान तैयार किया गया है। रुद्रपुर रिंग रोड से यातायात जाम में राहत मिली है, जबकि काशीपुर बाईपास का निर्माण तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य अतिथि गृह का निर्माण भी पूरा हो चुका है। वहीं एसएसपी अजय गणपति ने जिले की कानून व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी जानकारी प्रस्तुत की।

 

नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने भी जनपद में चल रही विकास परियोजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जमरानी बांध परियोजना का कार्य प्रगति पर है और इसे वर्ष 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। हल्द्वानी में एडीबी के सहयोग से सड़क, फुटपाथ और ड्रेनेज के कार्य कराए जा रहे हैं। वहीं कैंचीधाम और कौसानी-बागेश्वर सड़क मार्ग पर डामरीकरण का कार्य जारी है। नैनीताल, रामनगर और कैंचीधाम में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण भी किया जा रहा है। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने कानून व्यवस्था और यातायात प्रबंधन की जानकारी दी।

 

बैठक में राज्यपाल ने नशे की रोकथाम को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखने के लिए प्रभावी और कड़े कदम उठाए जाएं। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ब्लैक स्पॉट चिन्हित किए जाएं और राष्ट्रीय राजमार्गों पर दुर्घटना संभावित स्थानों पर एंबुलेंस की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए प्रधानमंत्री जनमन योजना को महत्वपूर्ण बताते हुए पात्र लोगों तक इसका शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अवैध मदिरा और मिलावटी खाद्य पदार्थों की रोकथाम के लिए भी प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।

 

राज्यपाल ने अधिकारियों से केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत जानकारी लेते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

 

बैठक में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी अजय गणपति, एसएसपी मंजूनाथ टीसी, प्रभागीय वनाधिकारी यूसी तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अरविंद पांडेय, सीएमओ डॉ. एसके गोस्वामी, डॉ. रश्मि पंत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Advertisement