विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास
ऋषिकेश। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऋषिकेश में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में देहरादून जनपद के विकास को नई गति देने वाली ₹219 करोड़ से अधिक लागत की 51 महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए प्रदेश के विकास, सुशासन और जनकल्याण के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में बीते पाँच वर्षों के दौरान उत्तराखंड में सेवा, सुशासन और समर्पण की भावना के साथ विकास कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने केवल योजनाओं की घोषणा नहीं की, बल्कि दूरदर्शी और जनहितकारी निर्णयों के माध्यम से विकास की नई कार्य संस्कृति स्थापित की है।
उन्होंने समान नागरिक संहिता (यूसीसी), देश का सबसे कठोर नकलरोधी कानून, सख्त भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून तथा अल्पसंख्यक शिक्षा अधिनियम जैसे महत्वपूर्ण निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन सभी का उद्देश्य प्रदेशहित और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देना रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेशवासियों के सहयोग, विश्वास और स्नेह से विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप विकसित, आत्मनिर्भर, सुरक्षित और श्रेष्ठ उत्तराखंड के निर्माण की यात्रा आगे भी पूरी प्रतिबद्धता और संवेदनशीलता के साथ जारी रहेगी।
इस कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ सहित प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

