मुख्यमंत्री धामी ने किया नानकसागर बांध का स्थलीय निरीक्षण, बाढ़ नियंत्रण की तैयारियों का लिया जायज़ा
नानकमत्ता। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी नानकमत्ता पहुंचे, जहां उन्होंने मानसून को देखते हुए नानकसागर बांध और आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिशासी अभियंता से बांध की स्थिति, जलस्तर और बाढ़ नियंत्रण की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मानसून काल में हर परिस्थिति के लिए तैयार रहना बेहद ज़रूरी है ताकि जनजीवन प्रभावित न हो।
मुख्यमंत्री ने नानकसागर स्थित कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाँध एवं जल निकासी की स्थिति पर लगातार कड़ी नजर रखी जाए। जिलाधिकारी और सिंचाई विभाग को उन्होंने आदेश दिए कि आपदा प्रबंधन की दृष्टि से समय रहते सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी को और मजबूत किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि मानसून के दौरान जनता सुरक्षित रहे। इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई करनी होगी। साथ ही जनता को समय-समय पर अलर्ट और सही जानकारी देने के भी निर्देश उन्होंने अधिकारियों को दिए।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, मेयर विकास शर्मा, नगर पालिका अध्यक्ष खटीमा रमेश चंद्र जोशी, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, फरजाना बेगम, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी मणिकांत मिश्रा, उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण जय किशन, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी समेत अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
