कारगिल विजय दिवस पर रुद्रपुर में निकली भव्य मशाल यात्रा, वीर शहीदों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

कारगिल विजय दिवस पर रुद्रपुर में निकली भव्य मशाल यात्रा, वीर शहीदों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

 

कारगिल विजय दिवस के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा, ऊधम सिंह नगर द्वारा जिलाध्यक्ष विपिन सिंह गहलौत के नेतृत्व में रुद्रपुर में भव्य मशाल यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में बड़ी संख्या में युवा मोर्चा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक एवं युवाओं ने भाग लेकर कारगिल युद्ध के अमर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

मशाल यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली। हाथों में तिरंगा और जलती मशाल लिए युवाओं ने “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “अमर शहीद अमर रहें” जैसे राष्ट्रभक्ति के नारों से पूरे शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर लोगों ने पुष्पवर्षा और तालियों से प्रतिभागियों का स्वागत किया।

इस अवसर पर भाजयुमो जिलाध्यक्ष विपिन सिंह गहलौत ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल सैन्य जीत का प्रतीक नहीं, बल्कि देश के वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को नमन करने का दिन है। उन्होंने कहा कि कारगिल के रणबांकुरों ने कठिन परिस्थितियों में अपने प्राणों की आहुति देकर राष्ट्र की अस्मिता की रक्षा की और उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा का प्रत्येक कार्यकर्ता “राष्ट्र प्रथम” की भावना के साथ समाज में राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने का कार्य करता रहेगा। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष अशोक नेगी, आदेश भारद्वाज, जय प्रताप भंडारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष मुकेश पाल, भाजपा जिलामंत्री प्रमोद मित्तल, जितेंद्र संधू, दीपक, जसवंत, मनीश, मयंक सहित सैकड़ों युवा मौजूद रहे।