
📰 समाचार प्लस लाइव एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में कुंडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई चुनावी लाभ के लिए की गई थी हत्या! कुंडा पुलिस ने किया संगठित अपराध का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार – एक फरार
उत्तराखंड में आगामी पंचायत चुनावों से पहले उधम सिंह नगर जिले के कुंडा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक साजिश का पर्दाफाश किया है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में काम कर रही कुंडा पुलिस ने दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने एक सुनियोजित हत्या को अंजाम देकर एक विशेष प्रत्याशी को चुनावी लाभ पहुंचाने की साजिश रची थी।
हत्या को पहले एक सामान्य क्राइम माना जा रहा था, लेकिन जांच में यह मामला चुनावी षड्यंत्र से जुड़ा निकला। पुलिस की गहन पूछताछ और गुप्त सूचना के आधार पर पता चला कि मृतक की हत्या इसलिए की गई ताकि क्षेत्र में एक खास राजनीतिक नैरेटिव तैयार किया जा सके।
पुलिस ने इस मामले में बलविंदर सिंह और सुखविंदर सिंह नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, सतनाम नाम का तीसरा आरोपी अब भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार सुखविंदर सिंह और फरार सतनाम पर पहले से ही उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कई थानों में हत्या, लूट, डकैती, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर धाराओं के 25 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक मिश्रा ने बताया कि चुनावों को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस हर स्तर पर सख्त कार्रवाई कर रही है, और संगठित अपराध को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
