भूरारानी-शांति विहार-छतरपुर मार्ग निर्माण को मिली रफ्तार, 2.47 करोड़ की स्वीकृति पर विधायक शिव अरोरा का जोरदार स्वागत
रुद्रपुर। भूरारानी-शांति विहार-छतरपुर को जोड़ने वाले लगभग 5 किलोमीटर लंबे मार्ग के निर्माण के लिए 2.47 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है। इस अवसर पर विभिन्न कॉलोनियों के लोगों ने विधायक शिव अरोरा का फूल-मालाओं से स्वागत किया और डिवाइन पार्क कॉलोनी में उन्हें प्रतीकात्मक रूप से लड्डुओं से तौलकर सम्मानित किया।
बताया गया कि पिछले 12 से 15 वर्षों से जर्जर हालत में पड़ी इस सड़क के निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही थी। यह मार्ग भूरारानी, शांति विहार और छतरपुर सहित आसपास की दर्जनों कॉलोनियों को जोड़ता है। साथ ही, यह मार्ग अशोक लीलैंड कंपनी क्षेत्र तथा हल्द्वानी-दिनेशपुर मार्ग तक पहुंचने का प्रमुख संपर्क मार्ग होने के कारण प्रतिदिन हजारों लोगों के आवागमन का माध्यम है।
विधायक शिव अरोरा ने बताया कि इस सड़क के निर्माण के लिए राज्य योजना के तहत 2.47 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है। धनराशि जारी होने के बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी कर संबंधित ठेकेदार को कार्यादेश भी जारी कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि अगले कुछ दिनों में सड़क निर्माण कार्य धरातल पर शुरू हो जाएगा और क्षेत्रवासियों को वर्षों पुरानी जर्जर सड़क से राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि उन्होंने जनता से इस सड़क के निर्माण का वादा किया था, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। उनका कहना था कि वे केवल घोषणाओं में नहीं बल्कि विकास कार्यों को जमीन पर उतारने में विश्वास रखते हैं। विधायक ने यह भी कहा कि वर्ष 2022 में विधायक बनने के बाद उन्होंने रुद्रपुर की कई वर्षों से उपेक्षित सड़कों के निर्माण का कार्य कराया है, जिससे लोगों का जनप्रतिनिधियों पर विश्वास मजबूत हुआ है।
इस दौरान हंस विहार मोड़, आनंदम कॉलोनी और डिवाइन पार्क सहित कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने विधायक का स्वागत किया और सड़क निर्माण की स्वीकृति पर आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान हरीश भट्ट, ग्राम प्रधान दीपक गिरि, रविंद्र धामी, गिरीश जोशी, देवेंद्र बामल, रामलाल, राजकुमार, बीडी भट्ट, राजीव शुक्ला, एसपी यादव, नीरज यादव, कुलदीप चंद्र, सचिन मुंजाल, विक्की घई, लक्की, मंदीप सिंह, सुभाष यादव, रमेश कन्याल, संजय आर्य, जितेंद्र चौहान, मनोज मदान, कमल पाल, मयंक कक्कड़, अजय वाधवा, बलवीर रावत, अनमोल विर्क, मोहित चड्ढा, हरेंद्र चौधरी, डम्पी चोपड़ा, सुनील यादव, सुनील सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
