चीन में उत्तराखंड का डंका! सानिया और पार्थ ने वर्ल्डस्किल्स में जीते सिल्वर मेडल, CM धामी ने किया सम्मानित; 35 युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र
उत्तराखंड के युवाओं ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाकर देवभूमि का मान बढ़ाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को देहरादून के आईआरडीटी सभागार में आयोजित युवा कौशल महोत्सव-2026 में इंडिया स्किल्स प्रतियोगिता 2025-26 के अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय विजेताओं को सम्मानित किया।
इस समारोह में सबसे खास उपलब्धि रही उत्तरकाशी की सानिया जोशी और देहरादून के पार्थ वोहरा की, जिन्होंने चीन के शंघाई में आयोजित 48वीं वर्ल्डस्किल्स प्रतियोगिता-2026 में रजत पदक जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
सानिया जोशी ने रिटेल सेल्स और पार्थ वोहरा ने इंडस्ट्रियल डिजाइन टेक्नोलॉजी में सिल्वर मेडल हासिल किया। इस प्रतियोगिता में दुनिया के करीब 1,400 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। वहीं भारत ने छह रजत पदक और 20 मेडलियन्स फॉर एक्सीलेंस हासिल करते हुए दुनिया में दसवां स्थान प्राप्त किया। यह प्रतियोगिता में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
मुख्यमंत्री धामी ने दोनों विजेताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि उत्तराखंड के युवा उचित प्रशिक्षण और अवसर मिलने पर दुनिया के किसी भी मंच पर अपनी प्रतिभा साबित कर सकते हैं।
कार्यक्रम में रोजगार के मोर्चे पर भी महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली। सहसपुर स्थित स्किल हब सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से प्रशिक्षण प्राप्त कर नौकरी हासिल करने वाले 35 युवाओं को मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र सौंपे। इसके साथ ही अखिल भारतीय व्यावसायिक परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 32 राजकीय आईटीआई टॉपर्स को भी मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को केवल नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है। इसके लिए प्रदेश में 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड की व्यवस्था की गई है। आधुनिक आईटीआई, कौशल आधारित प्रशिक्षण और उद्योगों की जरूरत के अनुसार युवाओं को तैयार करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
अब उत्तराखंड के युवा सिर्फ देश में ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी अपनी प्रतिभा से पहचान बना रहे हैं।

