नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई का संकल्प लेकर आगे बढ़ रही ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’: CM धामी
मुकेरियां। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ के तहत होशियारपुर ग्रामीण के मुकेरियां (नंगला बिहाल) में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई किसी एक दल या सरकार की नहीं, बल्कि पंजाब की युवा पीढ़ी और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने की लड़ाई है।
धामी ने कहा कि ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ का उद्देश्य नशे के खिलाफ जनजागरूकता बढ़ाकर इसे जनआंदोलन का रूप देना है। यात्रा पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों तक पहुंचने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि चुनाव से पहले नशे पर अंकुश लगाने और पंजाब को नशामुक्त बनाने के बड़े वादे किए गए थे, लेकिन सरकार इन वादों को प्रभावी ढंग से पूरा करने में विफल रही है।
उन्होंने कहा कि नशे से निपटने के लिए केवल तस्करी नेटवर्क पर कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। जागरूकता, उपचार और पुनर्वास पर भी समान रूप से ध्यान देना जरूरी है।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार नशे की तस्करी और उससे जुड़े नेटवर्क पर कार्रवाई के साथ युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता, उपचार और पुनर्वास पर भी जोर दे रही है।
मुख्यमंत्री ने पंजाब की जनता और विशेषकर युवाओं से ‘नशा मुक्त पंजाब’ के संकल्प से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज की सामूहिक भागीदारी से ही नशे की चुनौती से प्रभावी तरीके से निपटा जा सकता है।
