सेवा संकल्प अभियान: नगर निगम में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, पर्यावरण मित्रों समेत शहरवासियों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण
रुद्रपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को नगर निगम सभागार में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ महापौर विकास शर्मा ने किया।
शिविर में नगर निगम के पर्यावरण मित्रों, कर्मचारियों, पार्षदों, व्यापारियों और शहरवासियों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई। चिकित्सकों ने बीपी, शुगर सहित विभिन्न स्वास्थ्य परीक्षण किए। इसके साथ ही आयुर्वेदिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराते हुए जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत समाज के विभिन्न वर्गों तक सेवा पहुंचाने के लिए लगातार कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ रखने में पर्यावरण मित्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए उनके स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी जिम्मेदारी है।
उन्होंने शहरवासियों से सेवा कार्यों को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, सहायक नगर आयुक्त रणदीप, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पीयूष रंजन सहित नगर निगम के अधिकारी, चिकित्सक, पार्षद और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
