डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि, कहा- युवा पीढ़ी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे
देहरादून।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देश के पूर्व राष्ट्रपति, प्रख्यात वैज्ञानिक एवं ‘भारत रत्न’ डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटिशः नमन करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम ने विज्ञान और प्रौद्योगिकी को राष्ट्रनिर्माण का सशक्त माध्यम बनाते हुए भारत को आत्मनिर्भर एवं सामरिक रूप से सुदृढ़ बनाने में अमूल्य योगदान दिया। उन्होंने अपने ज्ञान, दूरदर्शिता और कर्मठता से देश को नई दिशा प्रदान की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. कलाम के विचार, आदर्श और राष्ट्र के प्रति समर्पित जीवन सदैव भारत की युवा पीढ़ी का मार्गदर्शन करते रहेंगे। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व हर भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने कहा कि “मिसाइल मैन” के नाम से विख्यात डॉ. कलाम का राष्ट्रप्रेम, सादगी और शिक्षा के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करता रहेगा। राष्ट्र उनके अमूल्य योगदान को सदैव स्मरण रखेगा।
