मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी: उत्तराखंड के 27 GI टैग उत्पादों से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगी नई मजबूती
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय एवं वैश्विक पहचान दिलाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में राज्य के 27 उत्पादों को जियोग्राफिकल इंडिकेशन (GI) टैग प्राप्त हुआ है, जो प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जीआई टैग मिलने से इन उत्पादों की विशिष्ट पहचान स्थापित होने के साथ-साथ उन्हें कानूनी संरक्षण भी प्राप्त होगा। इससे स्थानीय किसानों, उत्पादकों, कारीगरों और हस्तशिल्प से जुड़े लोगों को नए बाजार, बेहतर मूल्य और रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध होंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड के पारंपरिक और विशिष्ट उत्पादों को देश-विदेश के बाजारों तक पहुंचाना है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक और पारंपरिक धरोहर को संरक्षित करते हुए स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाना सरकार की प्राथमिकता है। जीआई टैग इस दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो प्रदेश के किसानों, कारीगरों और उद्यमियों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी।
